अहमदाबाद रोड शो से छत्तीसगढ़ में खुले पर्यटन और निवेश के नए द्वार

अहमदाबाद रोड शो से छत्तीसगढ़ में खुले पर्यटन और निवेश के नए द्वार

रायपुर। छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक सुंदरता, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, ऐतिहासिक धरोहरों, धार्मिक आस्था केंद्रों और जनजातीय परंपराओं को देशभर के पर्यटकों तक पहुंचाने की दिशा में छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड लगातार प्रयास कर रहा है। इसी कड़ी में छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड द्वारा भारतीय वाणिज्य एवं उद्योग महासंघ (फिक्की) के सहयोग से गुजरात के अहमदाबाद स्थित होटल हयात रीजेंसी में भव्य पर्यटन रोड शो का आयोजन किया गया। इस आयोजन ने गुजरात और छत्तीसगढ़ के पर्यटन व्यवसायियों के बीच व्यावसायिक संबंधों को मजबूत करने के साथ ही पर्यटन, निवेश और सांस्कृतिक आदान-प्रदान की नई संभावनाओं के द्वार खोले हैं।

रोड शो में छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के 30 पर्यटन हितधारकों तथा गुजरात के 148 टूर एवं ट्रैवल ऑपरेटरों ने भागीदारी की। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य गुजरात के पर्यटन व्यवसायियों, यात्रा संचालकों और संभावित निवेशकों को छत्तीसगढ़ के प्रमुख पर्यटन स्थलों, धार्मिक पर्यटन केंद्रों, प्राकृतिक आकर्षणों तथा पर्यटन क्षेत्र में विकसित की जा रही नई सुविधाओं और संभावनाओं से परिचित कराना था।

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के अध्यक्ष नीलू शर्मा, पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के सचिव डॉ. एस. भारतीदासन, छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के प्रबंध संचालक सौमिल रंजन चौबे तथा गुजरात पर्यटन निगम की प्रतिनिधि सुश्री अंकिता परमार की विशेष उपस्थिति रही। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के उप महाप्रबंधक पुष्पेन्द्र शर्मा एवं सुश्री पूनम शर्मा सहित पर्यटन क्षेत्र से जुड़े अनेक प्रतिनिधि उपस्थित थे।

रोड शो का एक प्रमुख आकर्षण महाप्रभु वल्लभाचार्य जी की जन्मभूमि चंपारण को केंद्र में रखकर तैयार की गई पर्यटन विस्तार की रणनीति रही। छत्तीसगढ़ का चंपारण गुजरात के श्रद्धालुओं के लिए विशेष धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व रखता है। यहां प्रतिवर्ष बड़ी संख्या में गुजराती श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। इसी धार्मिक और सांस्कृतिक जुड़ाव को व्यापक पर्यटन अवसर में बदलने की दिशा में छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड ने विशेष पहल की है।

छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के प्रबंध संचालक सौमिल रंजन चौबे ने कार्यक्रम में विस्तृत प्रस्तुतीकरण देते हुए गुजरात के पर्यटन व्यवसायियों को बताया कि चंपारण दर्शन के लिए छत्तीसगढ़ आने वाले श्रद्धालुओं को राज्य के अन्य प्रमुख धार्मिक, ऐतिहासिक, प्राकृतिक और सांस्कृतिक पर्यटन स्थलों से किस प्रकार जोड़ा जा सकता है। उन्होंने चंपारण के साथ सिरपुर की ऐतिहासिक एवं पुरातात्विक विरासत, राजिम की धार्मिक महत्ता, बस्तर की अनूठी जनजातीय संस्कृति, चित्रकोट जलप्रपात और प्रदेश के अन्य प्रमुख पर्यटन गंतव्यों को शामिल करते हुए आकर्षक पर्यटन यात्रा कार्यक्रम विकसित करने की संभावनाओं पर प्रकाश डाला।

रोड शो के दौरान छत्तीसगढ़ और गुजरात के पर्यटन व्यवसायियों के बीच आयोजित व्यावसायिक बैठकों में उत्साहजनक सहभागिता देखने को मिली। इन बैठकों में दोनों राज्यों के पर्यटन हितधारकों ने आपसी सहयोग, संयुक्त पर्यटन पैकेज तैयार करने, यात्रा मार्ग विकसित करने, पर्यटकों की आवाजाही बढ़ाने तथा पर्यटन सेवाओं के विस्तार जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की।

गुजरात के टूर एवं ट्रैवल ऑपरेटरों को छत्तीसगढ़ के प्रमुख पर्यटन स्थलों, धार्मिक पर्यटन की संभावनाओं, प्राकृतिक सौंदर्य, सांस्कृतिक विविधता और पर्यटकों के लिए उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी गई। साथ ही गुजरात के पर्यटकों की रुचि और आवश्यकताओं के अनुरूप विशेष पर्यटन पैकेज विकसित करने पर भी विचार-विमर्श हुआ।

रोड शो के साथ एक विशेष निवेशक बैठक का भी आयोजन किया गया, जिसमें गुजरात के पर्यटन क्षेत्र से जुड़े संभावित निवेशकों के साथ छत्तीसगढ़ में पर्यटन निवेश की संभावनाओं पर चर्चा की गई। इस दौरान प्रदेश के पर्यटन क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों, पर्यटन अधोसंरचना के विकास और निजी क्षेत्र की भागीदारी बढ़ाने जैसे विषयों पर विचार-विमर्श हुआ।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों की अतिथियों ने सराहना की। इस आयोजन के माध्यम से छत्तीसगढ़ ने न केवल अपनी पर्यटन संभावनाओं को प्रस्तुत किया, बल्कि अपनी जीवंत लोक-संस्कृति, परंपराओं और सांस्कृतिक विविधता की प्रभावशाली झलक भी गुजरात के पर्यटन जगत के सामने रखी।

आयोजन के दौरान मीडिया प्रतिनिधियों के साथ भी विशेष संवाद किया गया। इसमें छत्तीसगढ़ के प्रमुख पर्यटन गंतव्यों, पर्यटन क्षेत्र में संचालित नई पहलों, धार्मिक पर्यटन की संभावनाओं तथा गुजरात के पर्यटकों को छत्तीसगढ़ से जोड़ने की रणनीति की जानकारी साझा की गई।

अहमदाबाद में आयोजित यह रोड शो छत्तीसगढ़ के पर्यटन क्षेत्र को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में सामने आया है। गुजरात के पर्यटन व्यवसायियों, यात्रा संचालकों और निवेशकों की उत्साहजनक भागीदारी ने दोनों राज्यों के बीच पर्यटन सहयोग की संभावनाओं को नई मजबूती प्रदान की है।

#Ahmedabad_Tourism_Roadshow #Chhattisgarh_Tourism

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *