नई दिल्ली। सरकार ने महत्वाकांक्षी मोदी केयर योजना को औपचारिक मंजूरी दे दी है। पीएम नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में बुधवार को कैबिनेट मीटिंग में इसे मंजूरी दी गई। इसे सरकार ने नैशनल हेल्थ प्रोटेक्शन स्कीम के तहत आयुष्मान भारत नाम दिया है। इस योजना पर अगले दो साल तक 10,500 करोड़ रुपये खर्च आएगा, जिसे 60 फीसदी केंद्र और 40 फीसदी राज्य सरकार वहन करेगी। इस योजना को विश्व की सबसे बड़ी स्वास्थ्य योजना माना जा रहा है। दावा किया गया है कि 10 करोड़ परिवारों को सालाना 5 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा मिलेगा। साथ ही यह कैशलेस सुविधा होगी। बीमा कवर के लिए उम्र की भी बाध्यता नहीं रहेगी। इसके लिए देशभर में 1.5 लाख स्वास्थ्य केंद्र खोले जाएंगे। मोदी सरकार 2019 में इसी योजना की बदौलत आम चुनाव लड़ना चाहती है।












