भिलाई। कांग्रेस सेवादल के मुखिया लालजी भाई देसाई ने फकत आधा घंटे की बैठक में कांग्रेसियों को आईना दिखा दिया। पहले दस मिनट में दनादन सवाल पूछकर जहां उन्होंने कांग्रेसियों को निरुत्तर कर दिया वहीं बाकी के 20 मिनट में उनकी सोच बदलने की कोशिश की। लालजीभाई ने कहा कि कोई भी सीट किसी की बपौती नहीं होती। कोई बार बार जीत रहा है, इसका मतलब यह नहीं है कि वह हार नहीं सकता। उन्होंने कहा कि गुजरात में हमने ऐसे भाजपा नेताओं को ही टारगेट किया जिनकी जीत का अंतर एक लाख से अधिक मतों का था। इससे दो लाभ हुए। एक तो जीतने वाला विधायक अपने क्षेत्र में बंधकर रह गया और दूसरे की मदद नहीं कर पाया, वहीं उनकी जीत का अंतर कम हुआ और कहीं कहीं स्थिति चुनौतीपूर्ण हो गई।












