दुर्ग। डॉ एसके राजपूत ने 31 अक्तूबर को शासकीय विश्वनाथ यादव तामस्कर स्नातकोत्तर स्वशासी महाविद्यालय, दुर्ग के प्राचार्य एवं अपर संचालक, उच्चशिक्षा दुर्ग संभाग के पद से अवकाश प्राप्त कर लिया। उन्होंने अपने जीवन के शानदार चार दशक शिक्षा के लिए समर्पित कर दिए। 65 वर्षीय डॉ राजपूत को महाविद्यालय परिवार ने भावभीनी बिदाई दी। 5 अक्टूबर 1953 को जन्मे डॉ. एस.के. राजपूत ने स्नातकोत्तर कक्षाओं में लगभग 30 वर्ष तक शैक्षणिक कार्य का संपादन किया। कार्बनिक रसायन विषय के व्याख्याता के रूप में शासकीय सेवा का आरंभ साइंस कालेज, रायपुर से करने के पश्चात सन 2009 से 2012 तक डॉ. राजपूत शासकीय गजानंद पीजी कालेज, भाठापारा के प्राचार्य रहे। सन 2012 से 2014 तक डॉ. राजपूत खूबचंद बघेल पीजी कालेज, भिलाई-3 के प्राचार्य रहे।












