दुर्ग। जिला निर्वाचन कार्यालय दुर्ग के द्वारा लम्बे समय से मतदाता जागरूकता हेतु विभिन्न प्रयास किये जाते रहे हैं जिसका उद्देश्य अधिक से अधिक संख्या में आम जनता को मतदान हेतु प्रेरित करना है। इस उद्देश्य की पूर्ति हेतु विभिन्न विद्यालयों और महाविद्यालयों का भी सहयोग लिया गया है। भिलाई के महाविद्यालयों के लिए श्रीशंकराचार्य महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ रक्षा सिंह को नोडल अधिकारी बनाया गया था। उनके नेतृत्व में सभी कार्य सफलता पूर्वक सम्पन्न किए गए। उनकी इस भूमिका को जिला निर्वाचन कार्यालय द्वारा सराहा गया। इसके तहत समय-समय पर विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन विभिन्न स्तरों पर भी किया गया। 16 नवम्बर को विभिन्न महाविद्यालयों के सहयोग से मतदान जागरूकता के उद्देश्य से विशाल मानव श्रृंखला का आयोजन किया गया। यह मानव श्रृंखला सेक्टर-9, हास्पिटल चैक से सेक्टर-1, चैक भिलाई तक बनायी गयी थी।












