भिलाई। लायन्स क्लब मुम्बई की प्रथम महिला गवर्नर एवं मोटिवेशनल स्पीकर भावना शाह ने विद्यार्थियों का आह्वान किया है कि वे स्वयं को सोशल मीडिया की बमबारी से बचाएं। मोबाइल आधुनिक जीवन में तकनीकी का एक वरदान है, इसे अभिशाप न बनने दें। मोबाइल के अत्यधिक इस्तेमाल से न केवल आपका आज बल्कि आपका कल भी खराब हो सकता है। भावना यहां एलियांस इंस्टीट्यूट आॅफ कॉमर्स एंड मैनेजमेन्ट द्वारा आयोजित मोटिवेशनल सेमीनार को संबोधित कर रही थीं। ‘कैसे बनाएं मोबाइल से दूरी’ और ‘कैसे करें परीक्षा की तैयारी’ पर आयोजित इस सेमीनार को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि हम सभी का जन्म गुलाब की एक कली के रूप में हुआ है। कली का धर्म है कि वह पल्लवित हो और गुलशन को महकाए। पर अनेक कारणों से प्रत्येक कली गुलाब नहीं बन पाती। हमारा जीवन भी ऐसा ही है।












