भिलाई। वरिष्ठ शिशु रोग विशेषज्ञ एवं स्पर्श मल्टीस्पेशालिटी हॉस्पिटल के मेडिकल डायरेक्टर डॉ एपी सावंत ने कोरोना पाजीटिव या संदिग्ध माताओं से कहा है कि वे अपने शिशु को निःसंकोच स्तनपान करा सकती हैं। इसमें कोई खतरा नहीं है। पहले तीन दिन का मां का दूध शिशु के लिए न केवल अमृत समान है बल्कि यह उसका पहला टीका भी है। मां के दूध में शिशु की रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाने के सभी तत्व होते हैं। डॉ सावंत ने स्पर्श अस्पताल में विश्व स्तनपान सप्ताह के दौरान आयोजित पोस्टर प्रतियोगिता के दौरान ये बातें कहीं। उन्होंने बताया, इस बात का कोई प्रमाण नहीं है कि कोरोना का संक्रमण माता से शिशु में जाता है।












