कल्याण। 5,000 से अधिक किन्नरों के संगठन ख्वाहिश फाउंडेशन ने कल्याण रेलवे स्टेशन के पास जरूरतमंदों के लिए एक रसोई शुरू की है। यहां एक रुपये में नाश्ता और दस रुपये में भोजन मिलता है। 7 सितंबर को शुरू हुई रसोई ने पहले दिन लगभग 270 लोगों को खाना खिलाया। फाउंडेशन की अध्यक्ष पूनम सिंह ने बताया कि अब यहां प्रतिदिन 500 से अधिक ग्राहक आ रहे हैं। किचन के सभी खर्च फाउंडेशन के सदस्य खुद उठा रहे हैं। वे अपनी कमाई का एक रुपया रोज यहां दान करते हैं। कुछ अन्य संगठन भी खाद्यान्न दान कर रहे हैं। कई लोग स्वयं आगे आकर अनाज, सब्जियां या राशन दे रहे हैं।












