कॉन्फ्लुएंस कॉलेज में लैंगिक भेदभाव एवं यौन उत्पीड़न पर व्याख्यान
राजनांदगांव। कॉन्फ्लुएंस कॉलेज ऑफ हायर एजुकेशन के शिक्षा विभाग द्वारा “लिंग भेदभाव एवं यौन उत्पीड़न” विषय पर एक महत्वपूर्ण अतिथि व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में लैंगिक समानता, अधिकारों तथा समाज एवं शैक्षणिक संस्थानों में यौन उत्पीड़न की रोकथाम के प्रति जागरूकता विकसित करना था।
इस अवसर पर सोमानी महाविद्यालय, राजनांदगांव की सहायक प्राध्यापक श्रीमती लिलेश्वरी साहू मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहीं। उन्होंने अपने उद्बोधन में लिंग भेदभाव एवं यौन उत्पीड़न के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए इसके कारणों, स्वरूपों तथा दुष्प्रभावों की जानकारी दी। साथ ही उन्होंने संबंधित कानूनी प्रावधानों, निवारण के उपायों एवं सुरक्षित और सम्मानजनक वातावरण बनाए रखने के महत्व को भी समझाया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने विषय से जुड़े अनेक प्रश्न पूछे, जिनका समाधान अतिथि वक्ता द्वारा सरल एवं प्रभावी तरीके से किया गया। यह सत्र विद्यार्थियों के लिए अत्यंत ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक रहा।
#Gender_Bias #Confluence_College












