भिलाई। शासकीय नवीन महाविद्यालय खुर्सीपार हेतु शासन द्वारा आदेश के अनुसार जनभागीदारी समिति का मनोनयन किया गया है। नगर पालिक निगम पार्षद, जोन प्रभारी श्याम सुन्दर राव को अध्यक्ष एवं धनराज पराडे, जुगल किशोर जायसवाल, लेखराज सिंह और जी.बी. मूर्ति को सदस्य के रूप में मनोनीत किया गया है। अनुविभागीय अधिकारी (रा.) कलेक्टर के प्रतिनिधि के रूप में नामांकित किये गये हैं। Read More
विगत दिनों कॉलेज में उक्त पदाधिकारियों का स्वागत किया गया। समिति के सदस्य सचिव एवं कॉलेज के प्राचार्य (अतिरिक्त प्रभार) डॉ. महेशचन्द्र शर्मा ने समिति का शैक्षणिक एवं कार्यालयीन स्टाफ से परिचय कराया। अपने प्रथम उद्बोधन में अध्यक्ष श्री राव ने अपने मनोनयन हेतु शासन-प्रशासन का आभार माना और धन्यवाद दिया। श्री राव ने कहा कि वे जनसहयोग से महाविद्यालय का विकास करेंगे। साफ, सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था का विशेष ख्याल रखेंगे। प्राचार्य डॉ. शर्मा ने कहा कि जनभागीदारी का मुख्यरूप से जनसहयोग से साधन-संसाधन जुटाकर महाविद्यालय की प्रगति करना होता है। मौके पर समिति के अन्य सदस्यों ने भी विचार रखे। जनभागीदारी समिति में प्राचार्य की ओर से गठन हेतु संयोजक की जिम्मेदारी निभा रही डॉ. श्रीमती शीला शर्मा ने संचालन एवं डॉ. श्रीमती अल्का शुक्ला ने आभार व्यक्त किया। बड़ी संख्या में शिक्षक, कर्मचारी एवं विद्यार्थी इस मौके पर उपस्थित थे।