• Fri. May 17th, 2024

Sunday Campus

Health & Education Together Build a Nation

गौठान में फूलों से तैयार होंगे साबुन और कॉस्मेटिक

Jan 6, 2022
SHGs to make cosmetics from wasted flowers

भिलाई। शहरी गोठान में अब अलग-अलग फूलों से विभिन्न तरह के साबुन और कॉस्मेटिक तैयार किये जायेगे और इसकी बिक्री ऑनलाइन भी हो पाएगी। जिले और प्रदेश के अलावा देशभर से लोग इसे ऑनलाइन खरीद पायेंगे। यह फूल मंदिर एवं धार्मिक आयोजन स्थलों से एकत्र किया जाएगा।
निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे ने शहरी गौठान का निरीक्षण करते हुए उक्त जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि मंदिरों एवं अन्य धार्मिक आयोजनों में चढ़ने वाले फूल का उपयोग शहरी गौठान में प्रोडक्ट तैयार करने के लिए होगा। इनसे फेस पैक एवं हेयर पैक भी तैयार किया जायेगा। ऑनलाइन विक्रय के लिए इंडियामार्ट, अमेजॉन एवं फ्लिपकार्ट में रजिस्ट्रेशन किया जा रहा है। आशा स्व. सहायता समूह की महिलाएं संतोषी बंजारे एवं विनिता वैष्णव इस कार्य में अपनी टीम के साथ काम करेंगी।
निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे ने शहरी गौठान के निरीक्षण के दौरान आवश्यक दिशा निर्देश भी दिये। निर्देशों के पालन के लिये उन्होंने एक सप्ताह का समय अधिकारियो को दिया। उन्होंने मवेशियों को गुड़ भी खिलाया। शहरी गौठान में स्व. सहायता समूह की महिलाओ को रोजगार से जोड़ने और आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिये अलग-अलग तरह की लाभवर्धक गतिविधियां की जा रही है। अगरबत्ती का कार्य प्रारंभ हो चुका है और बड़ी तादाद में अगरबत्ती बनायी जा रही है। इसके विक्रय की भी व्यवस्था की गई है। मशरूम उत्पादन का कार्य भी प्रारंभिक तौर पर जारी है। मशरूम उत्पादन कक्ष शीघ्र महिलाओ को मिल जायेगा। पशुओ को हरा चारा देने के लिये नेपियर ग्रास एक अलग भूभाग पर तैयार किया गया है।
शहरी गोठान में वर्मी कम्पोस्ट तैयार करने के लिये और रोटेशन बरकरार रखने के लिए लगभग 100 कम्पोस्ट टैंक तैयार किये जा चुके है। मछली पालन की तैयारी भी अंतिम चरण पर है। सब्जी उत्पादन के लिये महिलाओ ने बीज बोना प्रारंभ कर दिया है। पशुओ की नियमित स्वास्थ्य जांच पशु चिकित्सक कर रहे है। जहां एक ओर पहले यह स्थल कचरा डंपिंग साइट था अब इसकी तस्वीर धीरे-धीरे बदलते जा रही है। निरीक्षण के दौरान नोडल अधिकारी एवं उपायुक्त सुनील अग्रहरि, कार्यपालन अभियंता सुनील दुबे, उप अभियंता आलोक पसीने, सहायक परियोजना अधिकारी फणीद्र बोस, रेखा बघेल, सुलोचना धनकर इत्यादि मौजूद रहे।

Leave a Reply