दुर्ग। एक निजी होटल में आज दुर्ग नगर निगम के सभी नवनिर्वाचित 25 कांग्रेसी पार्षदों की एक बैठक हुई। जिसमें क्षेत्रीय सांसद ताम्रध्वज साहू और दुर्ग शहर विधायक अरुण वोरा ने सभी कांग्रेसी पार्षदों का स्वागत किया। इसके बाद सांसद एवं विधायक ने कांग्रेसी पार्षदों को बधाई देते हुए कहा कि दुर्ग नगर निगम में 25 कांग्रेसी पार्षद जीतकर आए हैं जो गर्व की बात है। अब हमें एकजुट होकर यह कोशिश करनी चाहिए कि दुर्ग नगर निगम का सभापति का कांग्रेस का ही बने। इसके लिए सभी को एकजुट होने की आवश्यकता है। वरिष्ठ नेताओं ने कांग्रेसी पार्षदों को मार्गदर्शन भी दिया। उन्होंने कहा कि विपक्ष में होने के नाते कांग्रेस की जिम्मेदारी ज्यादा बढ़ गई है। वे सभी नगर निगम में जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता के साथ उठाएं। आपस में सामांजस्य बनाकर काम करें। आम जनता से निरंतर मिलते रहें। उनकी समस्याओं का जायजा लें और उसके समाधान के लिए प्रयास करते रहें। इसके लिए विधायक और सांसद की जो भी सहायता चाहिए वह उन्हें मिलेंगी। बैठक में कांग्रेस के सभी 25 पार्षदों के अलावा दुर्ग शहर अध्यक्ष आरएन वर्मा, कांग्रेस के संभागीय प्रवक्ता एवं पूर्व पार्षद देवकुमार जंघेल, पूर्व पार्षद संजय कोहले, अलताफ अहमद, मदन जैन, कमलनारायण रुंगटा, धीरजलाल बाकलीवाल सहित सभी वरिष्ठ कांग्रेसी नेता उपस्थित थे।