• Thu. May 2nd, 2024

Sunday Campus

Health & Education Together Build a Nation

शंकराचार्य महाविद्यालय में हर-घर तिरंगा कार्यक्रम का आयोजन

Aug 2, 2022
Har Ghar Tiranga in SSMV

भिलाई। श्री शंकराचार्य महाविद्यालय एवं सशस्त्र सीमा बल के संयुक्त तत्वाधान में स्वतंत्रता की 75वी वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आजादी के अमृत महोत्सव के तहत हर घर तिरंगा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर असिस्टेंट कमांडेन्ट जयराज सिंह, अधीनस्थ अधिकारी श्री योगेश, महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य डाॅ. जे. दुर्गा प्रसाद राव, उप प्राचार्य डाॅ. अर्चना झा मंच पर आसीन थे। अतिथियों का स्वागत महाविद्यालय की परंपरा के अनुसार पौधों से किया गया।
डाॅ. जे. दुर्गा प्रसाद राव ने कहा कि यह हमारे लिए बहुत ही गर्व का विषय है कि हमें इस तरह का अवसर प्राप्त हुआ है। सशस्त्र सीमा बल देश की सुरक्षा के लिए सदैव अग्रणी रहा है। वे सदैव नागरिकों को सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हैं। साइबर क्राइम बढते जा रहे हैं। जिसे समझदारी से रोका जा सकता है। हमें हमेशा सर्तक रहकर काम करना चाहिए एवं बैंक से प्राप्त ओटीपी कभी भी किसी के साथ साझा नहीं करना चाहिए।
महाविद्यालय की उप प्राचार्य डाॅ. अर्चना झा ने कहा की सशस्त्र सीमा बल के कमान्डेट के कार्यों की सरहाना करते हुए कहा की देश के विकास के लिए राष्ट्रगान, राष्ट्रभाषा एवं राष्ट्र ध्वज इन तीन चीजों की महत्वपूर्ण आवश्यकता होती है। उन्होंने 2014 में महाविद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा राष्ट्रगान के साथ ही कक्षा प्रारंभ करने की अनूठी पहल का स्मरण करते हुए कहा की देश के प्रति सम्मान के लिए इससे बढकर और कुछ नहीं है।
कार्यक्रम में आगे विद्यार्थियों को रायफल, थम्ब-गन, इंसास, ग्रेनेड एवं सैनिकों द्वारा उपयोग किये जाने वाले अस्त्र-शस्त्र के बारे में विस्तृत जानकारी दी एवं प्रदर्शन किया और बताया कि सैनिकों को कितनी तत्परता से अस्त्र-शस्त्र चलाना, दुश्मनों को ढेर करना, विपरीत परिस्थिति में जैसे चोट लगना, गोली लगना जैसी स्थिति में एक सैनिक किस प्रकार सक्रिय होकर अपनी भूमिका का निवर्हन करते हैं, इसके बारे में जानकारी दी। जवानों की आंखो में पट्टी बांध कर रायफल को कैसे पूरी तरह से खोलना एवं जोड़ना दिखाया गया। इसी प्रक्रिया को जवान ने एक हाथ से करके दिखाया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि असिस्टेंट कमांडेन्ट जयराज सिंह ने कहा की राष्ट्रध्वज की महिमा और जागरूकता हर नागरिक के पास होना चाहिए। हमारे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की योजना एवं सेना के प्रति सम्मान भाव को हर विद्यार्थी एवं हर नागरिक को समझना चाहिए। उन्होंने कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव 75वीं वर्ष गांठ पर 13, 14 एवं 15 अगस्त को हर घर तिरंगा फहराना है और दिल से उसका सम्मान करना है।
कार्यक्रम में महाविद्यालय की ओर से असिस्टेंट कमांडेन्ट जयराज सिंह, अधिनस्थ अधिकारी योगेश को प्रतीक चिन्ह प्रदान किया गया एवं सशस्त्र सीमा बल की ओर से महाविद्यालय को प्रतीक चिन्ह प्रदान किया गया। सभागार में उपस्थित विद्यार्थियों को राष्ट्र ध्वज प्रदान किया गया।
इस अवसर पर सशस्त्र सीमा बल के जवान एवं महाविद्यालय के प्राध्यापकगण, कर्मचारीगण एवं विद्यार्थी गण उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन सहायक प्राध्यापक डाॅ. सुषमा दुबे एवं सब इंस्पेक्टर निशांत सिंह ने किया।

Leave a Reply