कसडोल। जल, जंगल और पर्यावरण बचाने का संदेश देने आयोजित किए गए महानदी मैराथन में फिल्म अभिनेता और मॉडल मिलिंद सोमन के साथ ही स्थानीय युवाओं, खिलाड़ियों, छत्तीसगढ़ी फिल्म अभिनेताओं, जन प्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने दौड़ लगायी। इस मैराथन में 15 राज्यों सहित देश विदेश के लगभग तीन हजार प्रतिभागी शामिल हुए। बलौदाजार-भाटापारा जिला प्रशासन द्वारा आयोजित यह मैराथन कसडोल- बया रोड पर ग्राम असनीद से प्रारंभ हुई। मुख्य अतिथि मिलिंद सोमन ने कहा दौड़ने की कोई उम्र नही होती और न ही संसाधन की जरूरत पड़ती है। जल जंगल, नदी और पर्यावरण हमारे धरोहर हैं। अगर इनका स्वास्थ्य अच्छा रहा तो हमारा भी शरीर स्वस्थ रहेगा। इसलिए इन्हें बचाने की जिम्मेदारी हम सबकी है। बलौदाबाजार-भाटापारा जैसे छोटे जिले में इस तरह कार्यक्रम करना काबिले तारीफ है।
अभिनेता पद्मश्री अनुज शर्मा ने कहा कि महानदी मैराथन का आयोजन प्रतिवर्ष होना चाहिए। अंतर्राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी नीता डुमरे कहा कि इतने सारे लोगों का इस आयोजन में शामिल होकर पर्यावरण और महानदी को बचाने के लिए सन्देश दिया है वह प्रशंसनीय है।
इस अवसर पर कसडोल विधायक शकुंतला साहू, बलौदाबाजार विधायक प्रमोद शर्मा, बिलाईगढ़ विधायक चंद्रदेव राय, जिला पंचायत अध्यक्ष राकेश वर्मा, जिला कलेक्टर कार्तिकेया गोयल, पुलिस अधीक्षक नीतू कमल, एडीजे प्रफुल्ल सोनवानी, अपर कलेक्टर जोगेन्द्र नायक जिला पंचायत सीईओ आशुतोष पाण्डेय ने भी दौड़ लगाकर प्रतिभागियों को उत्साहित किया।
लगभग 21 किलोमीटर की दौड़ में पुरुष वर्ग में प्रथम पुरस्कार रणजीत कुमार भिलाई, दूसरा पुरस्कार केन्या के शिनिन कृपलाँधि, तृतीय पुरस्कार युधिष्ठिर कुमार को मिला। महिला वर्ग में प्रथम पुरस्कार केन्या की नैरोबी, दूसरा पुरस्कार जेकलिन, तृतीय पुरस्कार विमला पटेल को मिला। विजेताओं को ं क्रमश: 1लाख, 51 हजार, 21 हजार राशि का पुरस्कार दिया गया। दस किलोमीटर दौड़ पुरुष वर्ग में प्रथम पुरस्कार विष्णु वीर सिंह, दूसरा पुरस्कार श्रवन कुमार, तृतीय पुरस्कार गुलाब निषाद को तथा महिला वर्ग में प्रथम पुरस्कार डिम्पल सिंह, दूसरा पुरस्कार तेजश्री, तृतीय पुरस्कार सीमा को मिला। इन्हें क्रमश: 31 हजार,15 हजार, 7 हजार 5 सौ राशि का पुरस्कार दिया गया। पांच किलोमीटर दौड में पुरुष वर्ग में प्रथम पुरस्कार गुलाल, दूसरा पुरस्कार बृजेश कुमार, तृतीय पुरस्कार आरिफ ने प्राप्त किया। महिला वर्ग में प्रथम पुरस्कार सुनीता कुमारी, दूसरा पुरस्कार प्रियंका निषाद, तृतीय पुरस्कार केन्या की जोमनी खाका को मिला। इन्हें क्रमश: 21 हजार, 11 हजार, 7 हजार एक सौ रूपए राशि दी गई।
मैराथन में विशेष दृष्टि बाधित के लिए आयोजित की गई एक किलोमीटर का दौड़ में पुरूष वर्ग में प्रथम पुरस्कार रामकुमार बंजारे, दूसरा पुरस्कार राकेश धुव्र, तृतीय पुरस्कार नुकुल वर्मा को मिला। महिला वर्ग में प्रथम पुरस्कार उमिर्ला यादव, दूसरा पुरस्कार चैतीबाई, तृतीय पुरस्कार मालती साहू ने प्राप्त किया। एक किलोमीटर फन-रन के तहत सभी विधायक, जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी, गणमान्य नागरिक शामिल हुए।