• Tue. May 7th, 2024

Sunday Campus

Health & Education Together Build a Nation

शहरी गोठान ने गौसेवकों को जोड़ा, कर रहे हैं चारे का दान

Apr 11, 2022
People donate cattle feed for urban gothan

भिलाई। गौठान में गतिविधियों से प्रभावित होकर बड़ी संख्या में गौ सेवक इससे जुड़ रहे हैं। भारती चंद्राकर ने अकेले 7200 किलो चारा दान किया है। गौठान में अपना सहयोग देने समाजसेवी भी आ रहे हैं आगे और विभिन्न गतिविधियों में सम्मिलित हो कर इस पुनीत कार्य को आगे बढ़ा रहे हैं। उल्लेखनीय है कि भिलाई के शहरी गौठान में विभिन्न प्रकल्पों का संचालन किया जा रहा है।
इसका एक प्रत्यक्ष उदाहरण हाल ही में देखने को मिला है। गौ सेविका भारती चंद्राकर एक ट्रक पैरा कुट्टी लेकर गौठान पहुंचीं। भारती चंद्राकर ने बताया कि लगभग 7200 किलो पैरा कुट्टी दिया गया है। इससे पूर्व भी गौ सेवक एवं समाजसेवी चारा दान करते रहे हैं। गौठान में तुलादान करने वालों की भी कमी नहीं है। इसमें लोग अपने वजन के बराबर का चारा दान करते हैं। विधायक देवेंद्र यादव ने अपने जन्मदिन के अवसर पर तुलादान किया था।
वहीं कई गौ सेवक अपने जन्मदिन एवं अन्य अवसर पर तुला दान कर रहे हैं। महापौर नीरज पाल एवं निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे ने शहरी गौठान में चारा दान करने की अपील की है। हालांकि पशुओं के लिए गौठान में हरा चारा की कोई कमी नहीं है। गौठान के एक बड़े भूभाग पर नेपियर ग्रास के रूप में हरा चारा मौजूद है। इसके साथ ही पैरा कुट्टी एवं अन्य चारा की जरूरत भी पशुओं को होती है।
गौठान में वर्तमान में लगभग 128 पशु है। गौ प्रेमियों की बदौलत अब पशुओं को छांव मिल पा रहा है तथा बारिश के दिनों में भी शेड होने से राहत मिलेगी। कई गौ सेवक ऐसे हैं जो निरंतर रूप से चारा दान कर रहे हैं। इनमें खेतावतर, संतोष अग्रवाल, सुशील अग्रवाल इत्यादि शामिल है। कुछ गौ सेवक बेनामी मदद करते हैं। स्व सहायता समूह की महिलाओं ने भी पशुओं के लिए चारा दान की अपील की है। शहरी गौठान में चारा दान करने की इच्छा हो तो वह स्व सहायता समूह की महिला रेखा बघेल के मोबाइल नंबर 9300684532 पर संपर्क कर सकते हैं।

Leave a Reply