• Sun. May 5th, 2024

Sunday Campus

Health & Education Together Build a Nation

सेवा कार्यों में बढ़ाएं जनभागीदारी : पाण्डेय

Sep 17, 2016

pandey-sneh-sampadaमंत्री ने स्नेह सम्पदा में मनाया प्रधानमंत्री का जन्मदिवस
भिलाई। राजस्व, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री प्रेमप्रकाश पाण्डेय ने आज कहा कि मानसिक एवं शारीरिक विकलांगों के लिए काम कर रही संस्थाएं बेहद चुनौतीपूर्ण स्थितियों का सामना करती हैं। इनके कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए जनभागीदारी बेहद आवश्यक है। इन संस्थाओं को भी दानदाताओं के साथ सम्पर्क बढ़ाना चाहिए।
prem-prakash-pandeyप्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस पर आज श्री पाण्डेय स्नेह सम्पदा विद्यालय में पहुंचे थे। उन्होंने बच्चों के सहयोग से केक काटा और स्वयं बच्चों का मुंह मीठा कराया। उन्होंने कहा कि शासन के पास काम बहुत हैं और संसाधन सीमित। हम चाहकर भी बहुत ज्यादा नहीं कर सकते। उन्होंने बताया कि जब वे विधानसभा अध्यक्ष थे तब भी स्नेह सम्पदा आए थे और कुछ समस्याओं का निराकरण किया था। अब भी वे अपनी विधायक निधि से कुछ काम करवाएंगे। इसके अलावा नगर निगम और जिला प्रशासन के सहयोग से भी कुछ काम हो जाएंगे। पर संस्था को बेहतर संचालन के लिए अपने स्तर पर प्रयास करने होंगे, दानदाताओं से सम्पर्क करना होगा, समाज की भागीदारी सुनिश्चित करनी होगी। उन्होंने कहा कि वे हमेशा ऐसे बच्चों के लिए कुछ करने का प्रयास करते रहे हैं। उनके पुत्र मनीष भी अपना जन्मदिन ऐसे ही बच्चों के साथ मनाता है।
श्री पाण्डेय ने स्वच्छता की चर्चा करते हुए कहा कि महात्मा गांधी ने देश में सबसे पहले स्वच्छता अभियान छेड़ा। पर कालांतर में वह फीका पड़ गया। आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इसे दोबारा जन अभियान बनाया है। अब गंदगी फैलाने से पहले लोग झिझक रहे हैं। वे कूड़ा फेंकने को लेकर संवेदनशील हुए हैं। यह एक बड़ा परिवर्तन है और आने वाले वर्षों में देश अपनी स्वच्छता के लिए भी जाना जाएगा।
इस अवसर पर स्नेह संपदा के कर्मचारियों एवं शिक्षकों ने वेतन का मुद्दा भी उठाया जिसपर जिला कलेक्टर आर शंगीता ने एक एक कर समस्याओं के समाधान की बात कही। स्नेह संपदा की संचालक श्रीमती शिरके ने बताया कि यहां कुल 68 बच्चे हैं जिनमें से 15 बच्चे यहीं शेलटर में रहते हैं। इन बच्चों का पूरा खर्च आश्रम ही वहन करता है। इस अवसर पर श्री पाण्डेय ने स्नेह संपदा के बच्चों को भेंट स्वरूप सामग्री भी प्रदान की।
श्री मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में यहां रक्तदान के कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। इसमें रेडक्रॉस दुर्ग ने सहयोग प्रदान किया।
इस अवसर पर संस्था की संचालक श्रीमती शिरके, भिलाई नगर पालिक निगम के सभापति श्यामसुन्दर राव, नेता प्रतिपक्ष रिकेश सेन, आयुक्त नरेन्द्र दुग्गा, चन्ना केशवलू, नीलम चिन्ना केशवलू, मुन्ना पाण्डेय, विजय शुक्ला, पार्षद परमजीत सिंह लाड्डी, कुलेश्वर प्रसाद रिंकू, दिनेश यादव, स्थानीय पार्षद शाहीन अख्तर, जे श्रीनिवास राव, पीयूष मिश्रा, पूर्व पार्षद उपासना साहू सहित बड़ी संख्या में भाजपा एवं भाजयुमो के कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Leave a Reply