• Sat. Apr 27th, 2024

Sunday Campus

Health & Education Together Build a Nation

नारी के उत्थान से ही आगे बढ़ेगा समाज और देश – अनिला भेड़िया

Jun 29, 2021
Webinar on Women Empowerment

दुर्ग। किसी भी देश में नारी के उत्थान एवं सशक्तिकरण से समाज व पूरे देश का उत्थान होता है। प्राचीन शास्त्रों में भी नारी सदैव पूज्यते कहा गया है। नारी ईश्वर की उत्कृष्ट रचना हैं। ईश्वर के अलावा नारी को ही सृजन की शक्ति प्राप्त है। ये उद्गार छत्तीसगढ़ की महिला एवं बाल विकास तथा सामाजिक कल्याण, मंत्री अनिला भेड़िया ने आज व्यक्त किये। वे हेमचंद यादव विश्वविद्यालय द्वारा नारी सशक्तिकरण पर ऑनलाईन आयोजित वेबीनार को मुख्य अतिथि की आसंदी से संबोधित कर रही थीं।बड़ी संख्या में उपस्थित प्राचार्यों, प्राध्यापकों शोधार्थियों एवं छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि यदि कोई नारी शिक्षित होती है तो पूरा परिवार शिक्षित होता है। देश की प्रसिद्ध महिलाओं का उदाहरण देते हुए श्रीमती भेड़िया ने कहा कि जन्म से लेकर मृत्यु तक नारी के जीवन में त्याग एवं सहनशीलता का बाहुल्य होता है। आज समाज में हर क्षेत्र में नारी पुरूषों से कंधे से कंधे मिलाकर कार्य कर रही हैं। हमें सदैव नारी की सुरक्षा एवं सम्मान का ध्यान रखना चाहियें। श्रीमती भेड़िया ने छत्तीसगढ़ बाल विकास विभाग द्वारा महिलाओं हेतु चलाये जा रहे विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दीं।
स्वागत भाषण में विश्वविद्यालय की कुलपति, डॉ अरूणा पल्टा ने कहा कि इतने विकास के बावजूद आज भी नारी शोषण के अनेक समाचार देखने व सुनने को मिलते हैं। इस पर रोक लगाना आवश्यक है। यह तभी संभव होगा जब समाज में पुरूषों विशेषकर युवा वर्ग की मानसिकता में परिवर्तन हों। डॉ पल्टा ने कहा आज यदि हम विभिन्न शोधकार्यों के परिणामों पर नजर डालें तो प्रत्येक पांच में से एक भारतीय नारी शोषण की शिकार होती है। यह शोषण शारीरिक, मानसिक, आर्थिक, सामाजिक, राजनीतिक कोई भी प्रकार का होता है। उन्होंने विश्वविद्यालय की गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी।
कार्यक्रम के आरंभ में हेमचंद यादव विश्वविद्यालय, दुर्ग के अधिष्ठाता छात्र कल्याण, डॉ प्रशांत श्रीवास्तव ने नारी सशक्तिकरण की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए मुख्य अतिथि का परिचय दिया। इसके पश्चात् विश्वविद्यालय कुलगीत प्रस्तुत किया गया।
दुर्ग विश्वविद्यालय के अंतर्गत आने वाली 4 महिला प्राध्यापकों ने ’’नारी सशक्तिकरण छत्तीसगढ़ के विशेष संदर्भ में’’ विषय पर ऑनलाईन प्रस्तुतिकरण दिया। मूल्यांकन के आधार पर विजेता घोषित किया गया। प्रथम स्थान श्री शंकराचार्य महाविद्यालय, जुनवानी भिलाई की डॉ अनिता पांडेय, द्वितीय स्थान शास. वी.वाय.टी. पीजी, कॉलेज, दुर्ग की डॉ अंशुमाला चंदनगर को तथा तृतीय स्थान दो प्राध्यापकों शास. वी.वाय.टी. पीजी, कॉलेज, दुर्ग की डॉ विजय लक्ष्मी नायडू तथा शासकीय कमला देवी राठी महाविद्यालय, राजनांदगांव की डॉ हरप्रीत कौर गरचा ने प्राप्त किया। अंत में धन्यवाद ज्ञापन विश्वविद्यालय के सहायक कुलसचिव, हिमांशु शेखर मंडावी ने किया। इस अवसर पर उपस्थित विश्वविद्यालय के कुलसचिव, डॉ. सी.एल. देवांगन, अधिष्ठाता छात्र कल्याण, डॉ प्रशांत श्रीवास्तव, उपकुलसचिव, डॉ राजमणि पटेल, सहा. कुलसचिव, ए.आर.चौरे, डॉ सुमीत अग्रवाल, हिमांशु शेखर मंडावी, एनएसएस समन्वयक, डॉ आर. पी. अग्रवाल, खेल संचालक, डॉ. ललित प्रसाद वर्मा उपस्थित थें।

Leave a Reply