• Mon. May 6th, 2024

Sunday Campus

Health & Education Together Build a Nation

कलेक्टर और एसपी की मदद से घायल पहुंचा अस्पताल

Mar 3, 2022
Collector & SP help an injured to reach hospital

बेमेतरा। सड़क दुर्घटना में घायल एक व्यक्ति को कलेक्टर विलास भोसकर संदीपन एवं पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह की मदद से जिला अस्पताल पंहुचाया गया। घायल युवक सड़क किनारे पड़ा हुआ था और कोई भी अपना वाहन नहीं रोक रहा था। कलेक्टर और एसपी बेरला दौरे से लौट रहे थे। उन्होंने गाड़ी रोकी और घायल की सुध ली। गंभीर रूप से घायल युवक को इसके बाद एक निजी कार की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया।
मिली जानकारी के अनुसार कलेक्टर और एसपी बेरला बेमेतरा मार्ग से लौट रहे थे। ग्राम पिपरोलडीह के पास उन्होंने सड़क किनारे एक युवक को घायल पड़ा देखा। अंधेरा हो गया था और रास्ते में दूर-दूर तक कोई नजर नहीं आ रहा था। उन्होंने घायल को उठाया और उसके होश दुरुस्त किये। तभी एक निजी स्कूल का बस ड्राइवर अप्पू राज कोसले अपनी कार पर वहां से निकला। अप्पू ने कलेक्टर और एसपी की मदद से घायल को उठाकर अपनी कार में रखा और अस्पताल ले गया।
एसपी धर्मेन्द्र सिंह ने बताया कि घायल युवक का नाम इदरीश खान है। लगभग 48 वर्ष के इदरीश की बाइक को किसी अज्ञात वाहन ने ठोकर मार दी थी। वह काफी देर से वहां पड़ा था। यदि समय पर उसे अस्पताल नहीं पहुंचाया जाता तो उसकी जान को खतरा हो सकता था। उन्होंने यह भी कहा कि घायल की मदद के लिए आगे आए ड्राइवर पप्पू को जिला प्रशासन की तरफ से पुरस्कृत किया जाएगा।

Leave a Reply