भिलाई। सायकल पर अकेले लेह से कन्याकुमारी की यात्रा करने के बाद सोमनाथ से पशुपतिनाथ की यात्रा पर निकली सुनीता सिंह चौकन ने भारत को लड़कियों के लिए पूरी तरह सेफ बताया है। सुनीता ने उक्त बातें अपने सम्मान में रोटरी क्लब आॅफ भिलाई ग्रेटर द्वारा आयोजित समारोह में व्यक्त कीं। सुनीता ने बताया कि 2011 में एवरेस्ट फतह करने के बाद हरियाणा सरकार ने उन्हें बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान का ब्रैंड अम्बेसेडर बनाया। इसके साथ ही आने वाली पीढ़ी के लिए पर्यावरण को बचाना चाहती हैं। इन्हीं दोनों विषयों पर जागरूकता लाने के लिए वे सायकल पर भारत की यात्रा कर रही हैं।सुनीता ने कहा कि उन्होंने अकेले ही 4656 किलोमीटर की यात्रा सायकल पर की है। इस दौरान एक भी ऐसी घटना नहीं हुई जिससे उन्हें ऐसा लगा हो कि भारत लड़कियों के असुरक्षित है। वे स्वयं एक रोटेरियन हैं और जहां भी जा रही हैं रोटरी क्लब वाले उनका स्वागत कर रहे हैं और सहयोग कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि अधिकांश जगहों पर रेस्तरां वाले उनसे भोजन के पैसे नहीं लेते। वे जहां भी जाती हैं 10 से 30 तक पेड़ लगाती हैं और उसकी देखभाल की जिम्मेदारी रोटरी क्लब की स्थानीय इकाई को सौंप देती हैं।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पुलिस कप्तान डॉ संजीव शुक्ला ने कहा कि महज 32 वर्ष की उम्र में सुनीता ने जो कुछ हासिल किया है वह सभी के लिए प्रेरणास्पद है। इतना कुछ करने के बाद भी वे एकदम सरल और विनम्र हैं। जिस उम्र में बच्चे अपना फ्यूचर तक प्लान नहीं कर पाते, उस उम्र में सुनीता ने एवरेस्ट को फतह करने का सपना पाला और उसे पूरा कर लिया। तब वे केवल 25 वर्ष की थीं। इसके बाद उन्होंने लेह से लेकर कन्याकुमारी तक की यात्रा अकेले सायकल पर की। यह भी एक बड़ा टारगेट था। अब वे सोमनाथ से पशुपतिनाथ की यात्रा पर निकली हैं और अवश्य सफल होंगी। उन्होंने कहा कि हमें भी अपने जीवन में ऊंचे लक्ष्य स्थापित करने चाहिए और उन्हें पूरा करने के लिए पूरी शिद्दत से जुट जाना चाहिए।
इससे पूर्व आईसीएआई भिलाई इकाई के अध्यक्ष सीए पीयूष जैन ने सुनीता का परिचय देते हुए बताया कि सुनीता को राष्ट्रपति पुरस्कार के साथ ही सैकड़ों अवार्ड मिल चुके हैं। वे उस हरियाणा से आती हैं जहां लड़कियों को बहुत ज्यादा आजादी नहीं है। बावजूद इसके उन्होंने एक के बाद एक बड़े से बड़ा काम किया है और निरंतर कर रही हैं।
कार्यक्रम का संचालन रोटरी क्लब आॅफ भिलाई ग्रेटर के सुबोध जोशी ने किया। उन्होंने कहा कि रोटेरियन सुनीता सिंह एक बहुत बड़े अभियान को लेकर चल रही हैं और पूरा रोटरी परिवार उनके साथ है। इस अवसर पर सुनीता ने सीए की परीक्षा में हाल ही में सफल हुए बच्चों के साथ केक काटा। एक रोटेरियन का जन्मदिन भी सेलीब्रेट किया। शुक्रवार सुबह वे रायपुर के लिए प्रस्थान करेंगी।